पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर केंद्र सरकार के प्रतिबंध के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र की हालिया अधिसूचना में इस्लामी संगठन पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगाने से उत्पन्न कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस गतिविधि बढ़ा दी गई है। इसके लिए कई तरह की तैयारियां भी की गई हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई से डीसीपी संजय कुमार ने कहा, ‘हम अलर्ट मोड पर हैं। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उत्तर पूर्वी जिले को एक्टिव येलो स्कीम, ऑरेंज स्कीम और रेड स्कीम के तहत रखा गया है। आज, उत्तर पूर्व जिले में येलो स्कीम की प्रभावशीलता की जांच करने के लिए एक एक्सरसाइज आयोजित की गई, जो जिले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए है।’मिली-जुली आबादी वाला दिल्ली का उत्तर पूर्व जिला उन इलाकों में शामिल है जहां पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। हाल ही में पुलिस की छापेमारी के दौरान पीएफआई से जुड़े पांच लोगों को कथित तौर पर इस इलाके से गिरफ्तार किया गया था। यहां 2020 में नागरिकता संशोधन अधिनियम और सीएए समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच सांप्रदायिक दंगे हुए थे, जिसमें 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।