केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित आवास में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मृतक युवक का नाम विनय श्रीवास्तव बताया जा रहा है जो कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर का दोस्त बताया जा रहा है. सांसद के घर में हुई वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. घटना स्थल पर उनके घर से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. मृतक युवक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की तहरीर दी है. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.
ये घटना लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित बीजेपी सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के नए वाले घर की बताई जा रही है. खबर के मुताबिक इस घर में कल रात एक पार्टी चल रही थी, जिसमें कई दोस्त शामिल हुए थे. मारा गया युवक भी इस पार्टी में शामिल था. ये पार्टी देर रात तक चली थी. इस बीच सुबह करीब 4.15 मिनट पर विनय श्रीवास्तव को गोली मारी गई. ये गोली किन परिस्थितियों में चली, किसने गोली चलाई इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है