KABUL : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में रविवार को एक मस्जिद के प्रवेश स्थल को निशाना बनाकर किए गए धमाके में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत हुई है। तालिबान के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। काबुल की ईदगाह मस्जिद को निशाना बनाकर यह धमाका किया गया, जहां तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की मां की स्मृति में प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा था। तालिबान सरकार में सूचना और संस्कृति मंत्रालय में उप मंत्री जबीउल्लाह मुजाहिद ने ट्वीट करते हुए बताया कि आज दोपहर के लंच के बाद मस्जिद के गेट के पास अचानक से धमाका हो गया। चूंकी उस वक्त वहां लोगों की काफी भीड़ थी, इसलिए नागरिकों की मौत भी हुई है। बहुत से लोग घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मस्जिद के बाहर बम धमाके के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी भी हुई। अभी तक हमले की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि ये हमला आईएसआईएस-के (ISIS-K Attacks) यानी इस्लामिक स्टेट-खुरासान ने किया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, जिस मस्जिद में ब्लास्ट हुआ वहां बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।