जालंधर,(विशाल)-कपूरथला चौक के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव लहूलुहान अवस्था में मिला है। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या की गई है। शव के पास खून से सना हुआ लकड़ी का टुकड़ा और ईंट बरामद हुई है।
मृतक शख्स का नाम रजिंदर उर्फ काला बताया जा रहा है। वह पारस एस्टेट का रहने वाला था और सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। शनिवार सुबह किसी ने फोन कर उसके भतीजे दीपक को जानकारी दी कि काला लहूलुहान हालत में कपूरथला चौक के पास पड़ा है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है।