ऑस्ट्रेलियाई खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने कनाडा के भारत पर लगाए आरोपों पर अपनी सहमति जताई है. कनाडा के लगाए आरोपों के एक महीने बाद ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफिया संगठन (ASIO) के निदेशक माइक बर्गेस ने कहा है कि कनाडा के दावों पर विवाद करने की कोई वजह नहीं है. उन्होंने यह टिप्पणी अमेरिका के कैलिफोर्निया में आयोजित पांच देशों की खुफिया संगठन फाइव आईज की एक ऐतिहासिक बैठक में की. फाइव आईज के पांच देश- ऑस्ट्रेलिया कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड हैं. सदस्य देश एक-दूसरे से महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी साझा करते हैं और सुरक्षा प्रयासों में भी सहयोग करते हैं. फाइव आईज के सदस्य कनाडा के भारत पर लगाए आरोपों को लेकर एक सवाल के जवाब में बर्गेस ने कहा, ‘इस मामले में कनाडाई सरकार ने जो कहा है, उस पर सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है.’ एबीसी न्यूज ने बर्गेस के हवाले से लिखा, ‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि अगर किसी देश पर दूसरे देश के नागरिक की हत्या का आरोप लगता है तो यह एक गंभीर आरोप है. यह एक ऐसा काम है जो हम नहीं करते और बाकी देशों को भी ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए.’