क्रिकेटर अर्शदीप सिंह के विकिपीडिया पेज में बदलाव कर उनके खालिस्तान से लिंक वाली बात लिखने को लेकर सरकार सख्त हो गई है। आईटी मिनिस्ट्री की ओर से विकिपीडिया के अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ऑनलाइन इनसाइक्लोपीडिया के तौर पर जाना जाता है, जिसमें दुनिया भर के लोग योगदान देते हैं और अपने पास मौजूद जानकारी को उसमें ऐड करते रहते हैं। मंत्रालय की ओर से विकिपीडिया के भारत में तैनात अधिकारियों को समन जारी किया गया है और पूछा गया है कि आखिर यह कैसे हो गया। अधिकारी ने कहा कि विकिपीडिया से यह पूछा गया है कि ऐसा कैसे हो गया और भविष्य में इसे रोकने के लिए उसका क्या प्लान है।
अधिकारी ने कहा कि सरकार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। यही नहीं कहा यह भी जा रहा है कि सरकार की ओर से विकिपीडिया को कारण बताओ नोटिल भी जारी किया जा सकता है। फिलहाल विकिपीडिया की ओर से इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि अमेरिकी नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन विकिमीडिया की ही शाखा है, जो दुनिया भर में तमाम विषयों पर जानकारी देने के लिए चर्चित है। विकिपीडिया सूचना का ऐसा ओपन सोर्स है, जिसमें कोई भी जानकारी साझा कर सकता है और समय-समय पर संबंधित पेज को अपडेट भी किया जा सकता है।