Raj Kundra को गिरफ्तार किया गया है. मामला पोर्न मूवी बनाने से जुड़ा है. कुंद्रा के खिलाफ इसी साल फरवरी में पोर्नोग्राफिक कंटेंट बनाने और उसे ऐप के जरिए प्रसारित करने के मामले में केस दर्ज किया गया था. इस मामले में मुंबई पुलिस कुछ लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. राज कुंद्रा पर आरोप है कि वह इस पूरे रैकेट को चला रहे थे, जो पोर्न मूवी बनाकर ऐप के जरिए लोगों तक पहुंचाता था. आइए बताते हैं पूरा मामला.
फरवरी 2021. मुंबई पुलिस ने एक ऐसे बड़े रैकेट का खुलासा किया, जो पोर्न मूवी बनाता. मुंबई पुलिस कमिश्नर ने आजतक को बताया कि क्राइम ब्रांच ने फरवरी में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म (OTT Platform) पर रिलीज करने का केस दर्ज किया था. इसके बाद से ही पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. पुलिस के शिकंजे में 4 लोग आए. जब इनसे पूछताछ की गई और टेक्निकल एविडेंस जुटाए गए, तब राज कुंद्रा का नाम सामने आया. इसी आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि राज कुंद्रा इस मामले में मुख्य आरोपी और मुख्य साजिशकर्ता हैं. पुलिस अब तक इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.
मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि बाकायदा एक ऐप बनाया गया था और उस पर अश्लील फिल्मों को रिलीज किया जाता था. इस ऐप का नाम है ‘Hothit Movies’. यही नहीं मूवी का प्रचार इंस्टाग्राम, ट्विटर, सिग्नल, वॉट्सऐप आदि पर भी किया जाता था. मूवी देखने वाले को ऐप डाउनलोड करना होता था. मूवी देखने के लिए पेमेंट करना होता था. पुलिस के मुताबिक, इस ऐप के मालिक राज कुंद्रा हैं. हालांकि, राज कुंद्रा आरोपों को गलत बताते हुए दावा कर चुके हैं कि उनका इस ऐप से कोई लेना-देना नहीं है.