जालंधर,(रोजाना आजतक)-शहर में सरफेस वाटर प्रोजेक्ट, एलइडी स्ट्रीट लाइट, बरसाती सीवरेज समेत 720 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रोजेक्टों के 24 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शहर के सभी 80 वार्डों में होगा। इसके अतिरिक्त, शहर में 14 प्रमुख स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर वर्चुअल उद्घाटन दिखाना पहले से ही तय है।720 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इसके लिए मेयर जगदीश राज राजा, नगर निगम कमिश्नर करनेश शर्मा और स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ के साथ तैयारियों में जुटे हैं। बुधवार शाम को विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद सभी विधायक भी वापस लौट आएंगे।मेयर जगदीश राज राजा ने बताया कि पहले यह तय हुआ था कि शहर में 14 प्रमुख स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर वर्चुअल उद्घाटन लाइव प्रसारण किया जाएगा। अब यह भी तय किया गया है कि हर वार्ड में लोगों को विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए सरकारी स्कूलों के स्मार्ट क्लासेस का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि लगभग हर वार्ड में कोई ना कोई सरकारी स्कूल है, जिसमें स्मार्ट स्क्रीन लगी हुई है। 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से लेकर 12 बजे तक विकास कार्यों के उद्घाटन इन्हीं स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।