नई दिल्ली, आउटर नॉर्थ दिल्ली के स्वरूप नगर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। पुराने मकान को तोड़ते वक्त लेंटर गिरने से भरभराकर मकान का बड़ा हिस्सा गिर गया। इससे 5 मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से 1 की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, कैट एंबुलेंस, सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, कैट्स एंबुलेंस द्वारा 4 घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया। पांचवे को दिल्ली फायर सर्विस की टीम द्वारा मलबे से निकाला गया, जिसकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शी शत्रुघ्न ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे पुराने मकान को तोड़ा जा रहा था। मजदूर मशीनों से लेंटर को तोड़ रहे थे। लंच के समय कुछ मजदूर खाना खा रहे थे और कुछ आराम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक लेंटर भरभराकर गिर गया और हादसे में 5 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया साथ ही पुलिस और फायर की टीम को भी सूचना दी।