जालंधर,(विशाल)-जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स स्थित आरटीए दफ्तर के सेक्रेटरी और 8 अन्य कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अब पटवारियों ने भी पब्लिक डीलिंग का काम घटा दिया है। पटवारियों व कानूनगो के पास अब सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही पब्लिक डीलिंग होगी। इसके बाद वह अपना दफ्तरी कामकाज निपटाएंगे। इस बारे में उन्होंने अपने दफ्तरों के बाहर नोटिस भी लगा दिया है।कोरोना वायरस से बचाव के लिए पब्लिक डीलिंग का समय घटाने का यह मामला पहला नहीं है। इससे पहले आरटीए सेक्रेटरी बरजिंदर सिंह ने भी कर्मचारियों के लिख कर देने के बाद पब्लिक डीलिंग का टाइम सुबह 9 से दोपहर डेढ़ बजे तक कर दिया था। इसके बावजूद ना तो वह खुद कोरोना से बच सके और ना ही उनके कर्मचारी। इस वजह से आरटीए दफ्तर को एक हफ्ते तक बंद भी रखना पड़ा।इधर, पटवारियों का तर्क है कि कोरोना से बचाव के साथ-साथ यह दफ्तर का पेंडिंग काम निपटाने की भी कोशिश है। अगर पूरे दिन पब्लिक डीलिंग करते रहे तो लोग सुबह से शाम तक आते ही रहते हैं और वह अपना दफ्तर का काम नहीं कर पाएंगे।