जालंधर, शहर प्रतिष्ठित एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके चलते उच्च अधिकारियों द्वारा अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्टेडियम का दौरा किया जा रहा है। हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष और पंजाब हॉकी के अध्यक्ष नितिन कोहली ने खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के प्रशासकीय सचिव वरुण रूजम तथा अन्य उच्च अधिकारियों के साथ स्टेडियम में प्रबंधों और सुविधाओं का जायजा लिया, ताकि इस भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।
टूर्नामेंट के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पंजाब में, खासकर जालंधर में इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि इस टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष 6 टीमें—भारत, चीन, जापान, कोरिया, बांग्लादेश और मलेशिया—खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। श्री कोहली ने बताया कि मैच जालंधर और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे। 27 अक्तूबर को पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा खेल समारोह का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि ग्रैंड फाइनल 5 नवंबर को मोहाली में होगा।
लोगों की अधिकतम भागीदारी को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी में खेलों के प्रति लगाव पैदा करने के उद्देश्य से अधिकारियों ने ऐलान किया कि मैचों में एंट्री पूरी तरह मुफ्त होगी। दर्शक ऑनलाइन डिजिटल पास प्राप्त कर सकते हैं या स्टेडियम के गेटों पर मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करवा सकते है।
श्री कोहली और श्री रूजम ने निवासियों और छात्रों से अपील की कि वह बड़ी संख्या में अपने परिवारों सहित पहुंचें और स्टार खिलाड़ियों को लाइव खेलते हुए देखें। उन्होंने कहा कि बच्चों को उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले दिखाने से खेलों में उनकी दिलचस्पी पैदा होगी, जिससे उन्हें बेहतर निर्णय लेने वाले, खिलाड़ी और भविष्य के नागरिक बनने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डायरेक्टर खेल अभिजीत कपलीश और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर बराड़ भी मौजूद थे।