जालंधर, (विशाल/ रोजाना आजतक )-नगर निगम के ‘मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेवारी’ अभियान से विधायक सुशील रिंकू की पत्नी पार्षद डॉ. सुनीता रिंकू भी जुड़ गई हैं। विधायक सुशील रिंकू के घर पर भी कूड़े से खाद बनाने का छोटा प्लांट काम कर रहा है। डॉ. सुनीता रिंकू ने कहा कि उन्होंने अभियान शुरू होने से करीब एक महीना पहले ही तय कर लिया था कि घर से निकलने वाले कूड़े को खाद में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए छोटा प्लांट भी घर पर ही तैयार किया है। पार्षद सुनीता ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे सभी इस अभियान में शामिल हों ताकि शहर में वेस्ट मैनेजमेंट ठीक से हो सके।उन्होंने कहा कि कूड़े के प्रबंधन में नगर निगम को सहयोग देना ही होगा। तभी कूड़े का प्रबंध ठीक से हो पाएगा। पार्षद ने कहा कि घर में बनने वाली ऑर्गेनिक खाद को वह घर के ही बगीचे में इस्तेमाल करेंगी। विदित हो कि नगर निगम का ‘मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेवारी’ अभियान 15 सितंबर को शुरू हुआ था और 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।