जालंधर, (विशाल)-जिला प्रशासन द्वारा कपूरथला रोड पर स्थित मेरिटोरियस स्कूल में बनाए गए कोविड सेंटर में चलाई जा रही मेस की जांच करने शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम पहुंची। बारिश के बावजूद अचानक से पहुंची विभाग की टीम के मैस में पहुंचते ही मुलाजिमों में हड़कंप मच गया। खाद्य आपूर्ति विभाग के एएफएसओ परमजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तमाम पहलुओं से जांच की। दौरान मेस में तैयार किए जा रहे खाने की प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था तथा फूड की क्वालिटी से लेकर तमाम तरह की जांच की गई। इस मौके पर होम क्वारंटाइन किए गए लोगों तक खाना पहुंचाने की प्रक्रिया को भी जांचा गया। वर्णनीय है कि मेरिटोरियस स्कूल में क्वारंटाइन किए गए लोगों को यहां पर बनाई गई मेस से ही खाना दिया जाता है। जिसकी जांच करने के लिए शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम पहुंची। इस दौरान इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह सहित विभाग के मुलाजिम मौजूद थे।