जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से लोगों के अंदर खासा गुस्सा है. लोग आतंकियों और उनको पालने वालों को सबक सिखाने के लिए लगातार मांग कर रहे हैं. इस बीच आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के निवासी एवं कारोबारी शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या द्विवेदी और नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल का बयान सामने आया है. ऐशन्या द्विवेदी ने कई खुलासे किए हैं, जिससे हमले की थ्योरी बदलते हुए दिखाई दे रही है.
शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या द्विवेदी ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए कहा, ‘पहलगाम हमले से पहले मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही थी, लेकिन जब ये हो गया है, तब मैं कई चीजें सोच पा रही हूं. उस दिन मेरा कश्मीर में लास्ट दिन था. हमें हर जगह भारतीय सेना दिखाई दे रही थी इसलिए हम बेफिक्र थे. हमें लोगों की बातों पर शंका नहीं हुई. बाद में एक आदमी ने मुझसे बोला कि आप लोग कपल में चलें. आप दोनों कौन हैं, क्या वो आपके मम्मी पापा हैं? इन बातों का क्या मतलब था, उन्हें पता था. उस आदमी ने नॉर्मल जींस-टीशर्ट पहनी हुई थी. वह अपने अंदर AK47 नहीं छुपा सकता था. उसे हथियार सप्लाई किए गए, शायद वहां जो लोग सूट और शॉल बेंच रहे थे, उन्होंने सप्लाई किए होंगे.’