उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इस समय महाकुंभ मेला चल रहा है। देश विदेश से रोज करोड़ों लोग महाकुंभ जा रहे हैं। महाकुंभ सिर्फ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक बड़ा आर्थिक प्रभाव भी है। यह 45 दिनों तक चलने वाली एक छोटी अर्थव्यवस्था है। यूपी सरकार का अनुमान है कि महाकुंभ मेले में 13 जनवरी से 26 फरवरी के बीच करीब 40 करोड़ लोग पहुंचेंगे। यह आयोजन इतना व्यापक है कि राज्य सरकार ने मेला क्षेत्र को एक नया जिला घोषित किया है।
यूपी गवर्नमेंट ने इस महाकुंभ मेले के आयोजन की तैयारी बहुत पहले ही शुरू कर दी थी। वित्त वर्ष 2022-23 में इसके लिए 621.5 करोड़ रुपये आवंटित किये गए थे। इसके बाद वित्त वर्ष 2023-2024 के बजट में महाकुंभ के लिए 2500 करोड़ रुपये आवंटित किये गए थे। इसके बाद वित्त वर्ष 2024-2025 के बजट में महाकुंभ के लिए 2500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया। केंद्र सरकार ने महाकुंभ के लिए 2100 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान भी दिया है। इस तरह महाकुंभ 2025 के लिए कुल 7,721.5 करोड़ रुपये आवंटित किये गए।