सड़कों पर काटी रातें, 22 साल बाद भारत लौटीं हामिदा

अमृतसर : 22 साल बाद कराची से हामिदा बानो भारत लौट आईं है। कई सालों की मुश्किलों के बाद सोमवार को वो अटारी बॉर्डर पर अपने परिवार से मिलीं। हामिदा कर्नाटक में पैदा हुईं और बचपन में ही अपने परिवार वालों के साथ मुंबई आ गईं। 2002 में वो कतर के दोहा में खाना बनाने का काम करने गईं। कुछ महीनों वहां काम करने के बाद वो भारत लौट आईं। उसी साल एक एजेंट ने उन्हें दुबई में नौकरी दिलाने का वादा किया, लेकिन उन्हें पाकिस्तान के सिंध में बेच दिया। वो वहां तीन महीने तक रही, फिर वहां से भागकर कराची पहुंच गईं। कराची की सड़कों पर रहने से लेकर एक छोटी सी दुकान चलाने तक हामिदा ने बहुत कुछ झेला।

आखिरकार उन्होंने एक पाकिस्तानी डार मुहम्मद से शादी कर ली। उनके दो बच्चे भी हैं। 2019 में डार मुहम्मद का निधन हो गया। फिर वो यूट्यूबर वल्लीउल्लाह मारूफ से मिलीं, जिन्हें वो अपनी जिंदगी बदलने का श्रेय देती हैं। हामिदा की कहानी दर्द और उम्मीद से भरी है। मानव तस्करी का शिकार हुईं और पाकिस्तान के कराची में 22 साल बिताने के बाद, आखिरकार वो अपने घर भारत लौट आईं। ये उनके परिवार के साथ एक भावनात्मक पुनर्मिलन था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *