छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यह योजना गरीब और जरूरतमंद विवाहित महिलाओं को आर्थिक मदद देने के लिए शुरू की गई थी। लेकिन यहां सनी लियोनी के नाम पर हर महीने 1,000रुपये निकाले जा रहे थे।
बता दें कि,इस धोखाधड़ी की शुरुआत ग्राम तालूर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वेदमती जोशी के आईडी से हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक व्यक्ति, वीरेंद्र जोशी, ने इस योजना में सनी लियोनी का फर्जी नाम और दस्तावेज़ दर्ज कर अवैध तरीके से सहायता राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हरिस एस ने जांच के आदेश दिए। वीरेंद्र जोशी का बैंक खाता सीज कर लिया गया है। उससे अवैध रूप से ली गई राशि वसूलने और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, इस घोटाले में शामिल कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
