NEW DELHI : इंटनेट के इस दौर में ऑनलाइन फ्रॉड भी धड़ल्ले से चल रहा है। बैंक अकाउंट और मोबाइल अकाउंट के बाद अब तो आपका पीएफ खाता भी फर्जीवाड़े की चपेट में आ सकता है। इससे बचने के लिए ईपीएफओ (EPFO) ने खाताधारकों को आगाह किया है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और घोटालों के प्रति सचेत करते हुए अपने सोशल मीडिया पेजों पर एडवाइजरी जारी की है।
EPFO ने सदस्यों से कहा कि वे अपने पीएफ खाते से संबंधित किसी भी जानकारी को कॉल या सोशल मीडिया इंटरेक्शन पर साझा करने से परहेज करें, भले ही दूसरा व्यक्ति ईपीएफओ का ही कर्मचारी होने का दावा करे। EPFO ने स्पष्ट किया कि वह कभी भी आधार, पैन, यूएएन, बैंक खाता, कॉल पर ओटीपी, व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया जैसे व्यक्तिगत विवरण नहीं मांगता है। यहां तक कि ईपीएफओ पीएफ खाताधारकों को अपनी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए पैसे जमा करने के लिए भी नहीं कहता है। इसे देखते हुए ईपीएफओ ने व्यक्तिगत जानकारी मांगने वाले कॉल का जवाब नहीं देने की सलाह दी है। अधिक जानकारी और शिकायत निपटाने के लिए, खाताधारक https://epfigms.gov.in पर EPFO से संपर्क कर सकते हैं या टोल-फ्री नंबर 1800-118-005 पर फोन कर सकते हैं।