कोलकाता: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधान सभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने हैं. ममता बनर्जी द्वारा बीजेपी नेताओं को बाहरी बताए जाने के बाद भाजपा ने नंदीग्राम में स्थानीय मुद्दा उठाते हुए ममता बनर्जी को बाहरी बताया. इसके बाद ममता बनर्जी ने बड़ा कदम उठाया है और नंदीग्राम में किराए पर 2 घर लिए हैं, जहां वह रहने वाली हैं. शुवेंदु अधिकारी की ओर से बाहरी बताए जाने के बाद ममता बनर्जी ने यह कदम उठाया है और खुद के ऊपर से बाहरी का टैग हटाने की कोशिश कर रही हैं. इसके लिए उन्होंने नंदीग्राम के रेयापाड़ा इलाके में किराए पर दो घर लिए हैं. इससे पहले रविवार (21 मार्च) को एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने कहा था कि वह जल्द ही हल्दी नदी के किनारे अपना पक्का घर बनाएंगी, ताकि वह समय-समय पर यहां आती रहें.