Himachal तक खालिस्तानी तत्वों के पैर पसारने का खुलासा, मील के पत्थरों पर लिखे शब्द ‘खालिस्तान की हद शुरू’

शिमला : हिमाचल प्रदेश तक खालिस्तानी तत्वों के पैर पसारने का खुलासा हुआ है। मामला धार्मिक स्थल श्री नैना देवी से कोलांवाला टोबा जाने वाली सड़क का है। यहां सड़क किनारे लगे मील के पत्थरों पर पुताई कर उनमें खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। पत्थरों पर ‘खालिस्तान में आपका स्वागत है’, ‘खालिस्तान की हद शुरू’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखे गए हैं। पुलिस ऐसा करने वालों की तलाश में जुटी है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि किसने पत्थरों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हैं और इन तत्वों का इरादा क्या है। पुलिस को भी इन नारों की जानकारी नहीं थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है। यहां कई जगह सड़क किनारे ‘रेफरेंडम 2021’ और ‘ज्वॉइन एसएसजे’ भी लिखा मिला है। अभी श्री नैना देवी मंदिर में श्रावण महीने की अष्टमी के दौरान मेला भी लगने वाला है। इससे पहले खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने से लोग किसी अनहोनी को लेकर आशंकित हैं। खास बात यह है कि इस पूरे इलाके में सुरक्षा के लिए पुलिस जगह-जगह तैनात रहती है। इसके बावजूद खालिस्तान समर्थक तत्वों ने ऐसा किया है। नैना देवी थाने के प्रभारी को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि खालिस्तानी तत्वों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *