प्रयागराज, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने मंगलवार को पत्नी गंगा प्रीति अदाणी, बेेटे करन व उनकी पत्नी परिधि, छोटे बेटे जीत के साथ संगम पर गंगा पूजन किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जल पुलिस की विशेष स्टीमर से उन्हें ले जाया गया। उन्होंने इस्कॉन के शिविर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। यहां से बड़े हनुमान जी के मंदिर गए और दर्शन-पूजन किया।
उन्होंने महाकुंभ में आने को सौभाग्य बताते हुए मेले की व्यवस्थाओं पर कहा कि प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य करने वालों को यहां आकर कुछ सीखना चाहिए।गौतम अदाणी ने एक्स पर लिखा कि अद्भुत, अद्वितीय, एवं अलौकिक. प्रयागराज आकर ऐसा लगा मानो पूरी दुनिया की आस्था, सेवाभाव और संस्कृतियां यहीं मां गंगा की गोद में आकर समाहित हो गई हैं। कुंभ की भव्यता और दिव्यता सजीव बनाए रखने वाले सभी साधु, संत, कल्पवासी एवं श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर शासन-प्रशासन, सफाई कर्मियों और सुरक्षा बलों को मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं।
मां गंगा का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे। वहीं, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को श्रीमद्भागवत पर आधारित प्रदर्शनी और संस्कार भारती पवेलियन तथा शोभा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय मंत्री शेखावत बुधवार दोपहर 2.30 बजे प्लेन से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह उनका एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क स्थित इलाहाबाद म्यूजियम पंहुचेंगे। फिर श्रीमद्भागवत पर आधारित अस्थायी प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। शाम 4.30 बजे से 5.30 बजे तक संस्कार भारतीय पवेलियन और शोभा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। अगले दिन गुरुवार की सुबह 9.30 बजे वह जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।