Elon Musk फिर सबसे बड़े अमीर व्यक्ति बने

NEW YORK : तमाम विवादों और आलोचनाओं के बीच एलन मस्‍क फिर दुनिया के सबसे बड़े अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्‍होंने फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्‍ट को पीछे छोड़कर करीब एक साल बाद यह रुतबा हासिल किया है। टि्वटर की डील पूरी करने के बाद से ही एलन मस्‍क दबाव में चल रहे थे, लेकिन ब्‍लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्‍स की ताजा सूची में उनका दबदबा एक बार फिर कायम हो गया है। दरअसल, मस्‍क को दोबारा नंबर 1 की कुर्सी तक पहुंचाने में टेस्‍ला के शेयरों ने बड़ी भूमिका निभाई है। टेस्‍ला इंक के शेयरों का मूल्‍य 2023 के सिर्फ दो महीने में 90 फीसदी चढ़ चुका है, जिससे एलन मस्‍क की संपत्तियों में भी तेजी से इजाफा हुआ। 28 फरवरी, 2023 को एलन मस्‍क की कुल संपत्ति 187 अरब डॉलर (करीब 15.14 लाख करोड़ रुपये) आंकी गई है।
सिर्फ 2023 में यानी दो महीने में ही उनकी संपत्ति में 50 अरब डॉलर यानी करीब 4 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है, जो 36 फीसदी की तेज बढ़ोतरी है। एलन मस्‍क फिलहाल 3 बड़ी कंपनियों के मालिक हैं, जिसमें से टि्वटर को छोड़कर दोनों कंपनियां काफी तेजी से ग्रो कर रही हैं। इलेक्ट्रिक कार और सोलर बैटरी बनाने वाली टेस्‍ला सबसे ज्‍यादा मुनाफा देने वाली कंपनी है। वहीं, रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्‍पेसएक्‍स भी नासा के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके अलावा सोशल नेटवर्किंग कंपनी टि्वटर को भी मस्‍क ने अक्‍टूबर 2022 में 44 अरब डॉलर में खरीदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *