कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने जालंधर में डोर-टू-डोर मुहिम की शुरुआत की

जालंधर,  पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज ‘मान दे मुनाफे’ के तहत जालंधर में ‘डोर टू डोर’ मुहिम की शुरुआत की। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और लोक-पक्षीय उपक्रमों के बारे में लोगों को अवगत करवाने के लिए एक विशेष जन-संपर्क प्रोग्राम चलाया जाएगा।

बस्ती नौ इलाके में घर-घर जाकर पैम्फलेट बांटते हुए श्री भगत ने कहा कि यह मुहिम सरकार के कामकाज को सीधे लोगों तक पहुंचाएगी और उन्हें पंजाब की भलाई एवं विकास के लिए उठाए गए कदमों के बारे में अवगत करवाएगी।

श्री भगत ने प्रदेश में 19 टोल प्लाजा बंद किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यात्रा करने वालों के रोजाना लगभग 64 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने ‘सड़क सुरक्षा फोर्स’ (एस.एस.एफ.) के बारे में बताते हुए कहा कि इस पहल से 2,700 से अधिक जानें बचाने में मदद मिली है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए लगभग 14,000 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई गई है, जबकि साल के अंत तक 7,000 किलोमीटर और पाइपलाइनें बिछाने की योजना है। उन्होंने कहा कि नहर के पानी के बढ़े हुए उपयोग से भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है।

श्री भगत ने बिजली क्षेत्र में पंजाब सरकार के उपक्रमों का भी जिक्र किया, जिनमें किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना शामिल है। उन्होंने कहा कि गोइंदवाल साहिब थर्मल पावर प्लांट की खरीद ने पंजाब के बिजली ढांचे को और मजबूत किया है।

रोजगार के बारे में बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दौरान 71,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और यह भर्ती पूरी तरह मैरिट के आधार पर बिना किसी रिश्वत या राजनीतिक सिफारिश के की गई है। उन्होंने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में की गई पहलों जैसे ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह मुहिम लोगों से सीधे संपर्क के माध्यम से उन्हें सरकार के कामों और उपलब्धियों के बारे में अवगत करवाएगी। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करते हुए पंजाब को तेजी से विकास के रास्ते पर डाला है।

इससे पहले अपने दफ्तर में मुहिम की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने काउंसिलरों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए सभी को हर घर तक पहुंचने और निवासियों को सरकार की उपलब्धियों के बारे में अवगत करवाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *