जालंधर, डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर)-2026 के तहत 6 सितंबर रविवार को जिले के सभी 1997 पोलिंग स्टेशनों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने पोलिंग बूथों पर मौजूद रहेंगे और वोटरों को नोटिस फॉर्म, दावे और आपत्ति दर्ज करने संबंधी जरूरी जानकारी तथा सहायता प्रदान करेंगे।
जिला चुनाव अधिकारी ने जिले के सभी वोटरों से अपील करते हुए कहा कि योग्यता तिथि 1 अक्तूबर 2026 के आधार पर जिस नागरिक की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक है, वह अपना नाम वोटर सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकते है। इसी तरह विवरणों में किसी भी तरह की शुद्धता के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.एज) से दावों और आपत्तियों के काम में बी.एल.ओज को सहयोग करने की अपील की।श्री वालिया ने जिलावासियों से अपने नजदीकी पोलिंग स्टेशन पर लगने वाले विशेष कैंप में पहुंचकर अपना नाम वोटर सूची में चेक करने और जरूरत के अनुसार दावे, आपत्ति या शुद्धता संबंधी फॉर्म जमा करवाने की अपील की।वोटर सूची में संशोधन, रजिस्ट्रेशन और दावों-आपत्तियों संबंधी अधिक जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 (टोल फ्री) पर भी संपर्क किया जा सकता है।