जालंधर, 24 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दिल्ली में ड्रामा और पंजाब में ढोंग ही AAP की राजनीति की पहचान बन चुकी है। पंजाब के विभिन्न शहरों में सामने आ रही घटनाओं ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। पटियाला, बरनाला और खन्ना जैसे शहरों में हुई घटनाओं से स्पष्ट है कि पंजाब सरकार जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। विकास और सुशासन के वादों के साथ सत्ता में आई सरकार आज पंजाब के लोगों को सुरक्षित माहौल देने में असफल साबित हो रही है। भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक ड्रामे कर रही है, जबकि नशा, अपराध, बेरोज़गारी और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब सरकार से मांग की है कि राज्य में कानून-व्यवस्था को तुरंत पटरी पर लाया जाए और जनता को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।