अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर ईरान को चेतावनी दी. ट्रुथ सोशल पर रविवार को उन्होंने ईरान के बड़े पावर प्लांट और पुलों पर हमले की धमकी दी. उन्होंने ईरान से होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने को कहा और ऐसा ना करने पर बेहद बुरे परिणाम भुगतने की वॉर्निंग दी.धमकी और चेतावनी वो पहले भी देते रहे हैं लेकिन इस बार ट्रंप ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया उसे लेकर दुनिया भर में बहस शुरू हो गई है.
वो अपशब्द हम यहां नहीं लिख सकते लेकिन लोग कह रहे हैं कि एक राष्ट्रपति का ऐसी भाषा इस्तेमाल करना ‘शर्मनाक’ है.ईरान ने उनके इस बयान की आलोचना की. ईरान की सेंट्रल मिलिट्री कमांड के अब्दोल्लाही आलियाबादी ने ट्रंप की धमकी के बारे में कहा, “ये हताशा से भरी, असंतुलित और मूर्खतापूर्ण हरकत है.”ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता मेहदी तबातबाई ने कहा, कि “होर्मुज़ स्ट्रेट तभी दोबारा पूरी तरह खोला जाएगा, जब जहाज़ों से वसूले जाने वाले ट्रांज़िट टोल का एक हिस्सा युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.”