राजस्थान के जयपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां की करधनी पुलिस ने 31 वर्षीय नवीन सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार एक वीडियो में उसे घर की रसोई में अपनी मां की बेरहमी से पिटाई करते हुए दिखाया गया है, जबकि उसके पिता और बहन उसे रोकने की कोशिश कर रहे थे।
ऐसा माना जा रहा है कि यह वीडियो वहां मौजूद परिवार के किसी सदस्य ने रिकॉर्ड किया है, इसमें नवीन अपनी मां संतोष (52) पर मुक्कों की बरसात करता दिख रहा है, जबकि वह बेहोश होकर गिर पड़ी थीं। पुलिस ने बताया कि नवीन अपने माता-पिता और दो बहनों के साथ अरुण विहार में रहता था।
रिपोर्ट के मुताबिक उसके पिता, लक्ष्मण सिंह, जो वर्तमान में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं और पहले सेना में थे, हमले के दौरान मौजूद थे, लेकिन अपने बेटे को रोक नहीं पाए। डीसीपी (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि नवीन को सोमवार को, जब हत्या हुई, हिरासत में लिया गया और मंगलवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।