जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 हिंदू पर्यटकों के नरसंहार के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं. भारत ने हर कीमत पर इस हमले के गुनहगारों और साजिशकर्ताओं को सजा देने की बात कही है. इसके लिए भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े कदम उठाए हैं. इसमें सिंधु जल संधि को स्थगित करने, अटारी बॉर्डर बंद करने, देश से पाकिस्तानी नागरिकों को निकालने जैसे कदम हैं. इसके साथ ही सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है.
दरअसल, भारत की ओर से अब तक उठाए गए कदमों के जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय विमान कंपनियों के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया था. अब भारत भी उसके इस कदम का जवाब देने की तैयारी कर ली है. भारत अब पाकिस्तान के विमानों के लिए अपना एयर स्पेस बंद करने की संभावना पर गंभीरता से विचार कर रहा है. इकोनॉमिक टाइम्स अखबार की एक रिपोर्ट के मुताबिक अगर भारत ऐसा कदम उठाता है तो पाकिस्तानी विमान कंपनियों को दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के लिए चीन और श्रीलंका के हवाई क्षेत्र से जाना पड़ेगा, जो उसके लिए बहुत महंगा पड़ेगा. इसके साथ ही भारत हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में अपने बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के डेरा डालने पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है.