देश में भीषण गर्मी का सितम जारी है. उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों लू की चपेट में हैं. मौसम विभाग की मानें तो 21 मई को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का दौर जारी रहेगा. वहीं केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में 21 से 24 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं. इस सप्ताह दिल्ली का पारा 46 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है. IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्यियस के बीच रहने की संभावना है.