बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना अगौता क्षेत्र के गांव बागवाला में भोजपुर के गांव कलछीना से बारात आई थी. बरात आने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया. बारातियों ने नाश्ते के बाद खाना खाया और जमकर डीजे पर धूम मचाई. इसी दौरान निकाह पढ़ाने की तैयारी चल रही थी और मौलाना मौजूद थे. मौलाना ने लड़की पक्ष द्वारा दिए गए दान दहेज की लिस्ट पढ़नी शुरू की. दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार का नाम सुनते ही दूल्हा बिफर पड़ा और उसने क्रेटा टॉप मॉडल कार की डिमांड कर दी. मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने निकाह से इनकार कर दिया. जिसके बाद वहां मौजूद लोग सहम गए. बात बिगड़ने पर लड़की पक्ष के लोगों ने बारात को बंधक बना लिया और शादी करने के लिए दबाव बनाने लगे. जिसके बाद दूल्हा नहीं माना और मांग पूरी न होने पर निकाह से लगातार इनकार करता रहा. इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों का कहना था कि जितना निकाह में खर्च हुआ है उतना पैसा अभी चाहिए. पंचों ने निकाह के 17 लाख रुपए का हिसाब लगाया और रात 12:00 बजे दूल्हा पक्ष ने 12 लाख 50 हजार रुपए लौटाए तब जाकर करीब 10 घंटे बाद बारात और दूल्हा को बंधन मुक्त किया गया.