गुजरात की साबरमती जेल में बंद बाहुबली नेता अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है. रविवार सुबह यूपी पुलिस उसे लाने के लिए गुजरात पहुंची. ऐसे में अब उसकी गाड़ी पलटने की भी चर्चा हो रही है. इस मुद्दे पर जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया तो उन्होंने यूपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) ने अपने मंत्रियों को बता दिया होगा कि गाड़ी पलट जाएगी. तभी उनके मंत्री ऐसे बयान दे रहे हैं. अखिलेश ने आगे कहा, गाड़ी पलटने का यह रिकॉर्ड कहीं नहीं जाएगा. हमेशा रिकॉर्ड रहेगा, जब चाहेंगे रिकॉर्ड मिल जाएगा. बता दें कि गैंगस्टर अतीक अहमद फिलहाल साबरमती जेल में बंद है. उससे उमेश पाल हत्याकांड को लेकर पूछताछ की जानी है, इसीलिए उसे उत्तर प्रदेश लाने की तैयारी है. दरअसल उमेश पाल हत्याकांड के मामले में अतीक अहमद और उसका भाई अशरफ आरोपी हैं. अतीक अहमद जहां गुजरात के साबरमती जेल में बंद है तो वहीं, अशरफ इन दिनों बरेली जेल में कैद है. यूपी पुलिस गैंगस्टर अतीक को गुजरात जेल से प्रयागराज लाने की तैयारी कर रही है. जानकारी के मुताबिक पुलिस अतीक को सड़क के रास्ते से प्रयागराज लाएगी. इसमें करीब 36 घंटे का समय लग सकता है. यूपी पुलिस अतीक को रविवार दोपहर 3 बजे साबरमती जेल से लेकर निकलेगी. इससे पहले जेल में ही अतीक का मेडिकल टेस्ट भी किया जाएगा.