विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अजय बंगा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने वाली थी, लेकिन उससे पहले वह जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनकी मुलाकाता वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी होने वाली थी। आपको यह भी बता दें कि भारत में पिछले दो हफ्तों में इन्फ्लूएंजा और कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि देखी गई है। बुधवार को देश में 1134 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही सक्रिय मामले बढ़कर 7,026 हो गए हैं। अजय बंगा की नई दिल्ली यात्रा का आज अंतिम दिन है। इससे पहले वह यूरोप और लैटिन अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने अपनी विश्व यात्रा की शुरुआत अफ्रीका से की थी। कोरोना की रूटीन जांच के दौरान अजय बंगा कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वह फिलहाल आइसोलेशन में हैं। बंगा लर्ननेट इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स भी जाएंगे, जो विश्व बैंक द्वारा आंशिक तौर पर वित्तपोषित और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से स्थापित व्यावसायिक संस्थानों का एक नेटवर्क है। बंगा के नामांकन की घोषणा के तुरंत बाद भारत सरकार ने उनका समर्थन किया था। उसके बाद से बांग्लादेश, कोलंबिया, मिस्र, फ्रांस, जर्मनी, घाना, इटली, जापान, केन्या, सऊदी अरब, कोरिया और ब्रिटेन भी उनकी दावेदारी का समर्थन कर चुके हैं।