Sao Paulo : ब्राजील के मातो ग्रोसो स्थित सिनोप शहर में एक पूल गेम में हारने वाले 2 खिलाड़ियों ने गोलीबारी में सात लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक 12 साल की लड़की भी शामिल है। बताया गया है कि यह खिलाड़ी पूल में लगातार दो गेम हार गए थे। इस दौरान उनके पास ही खड़े दूसरे खिलाड़ी हंसने लगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद हारे हुए दोनों खिलाड़ियों ने आपा खो दिया और बंदूक लेकर गेम एरिया में घुस गए। इस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें देखा जा सकता है कि एक हमलावर बंदूक के दम पर सभी शिकारों को पहले दीवार के पास लाइन से खड़ा करता है और उसका दूसरा साथी अपने ट्रक से शॉटगन लाकर उन्हें गोली मार देता है। इसके बाद दोनों मिल कर एक-एक कर सात लोगों की जान ले लेते हैं।
गोलीबारी करने के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार भी हो गए। पुलिस का कहना है कि उन्होंने शूटरों की पहचान कर ली है, दोनों अभी फरार हैं। इनमें से एक हमलावर को पहले घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।