बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथ कई दिनों से चल रही अनबन के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू को अलविदा कह दिया. उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार (20 फरवरी) को जेडीयू (JDU) को छोड़ने का ऐलान करने के साथ-साथ नई पार्टी बनाने की घोषणा की है. उन्होंने अपनी पार्टी का नाम ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ (Rashtriya Lok Janata Dal) रखा है.उपेंद्र कुशवाहा ने विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है. कुशवाहा अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं पार्टी की तमाम जिम्मेदारियां छोड़ रहा हूं. सीएम नीतीश कुमार और ललन सिंह को सुबह जानकारी दी थी. कुशवाहा ने कहा कि विपक्षी पार्टियों में एकता नहीं है और ऐसे में पीएम मोदी के लिए 2024 में जीतना आसान होगा.