अमृतसर एयरपोर्ट पर ही छूटे 35 यात्री, समय से 5 घंटे पहले उड़ी फ्लाइट, हंगामा

AMRITSAR : आपने इन दिनों कोहरे की वजह से बहुत सी फ्लाइट्स लेट होने की खबरें देखी होंगी, लेकिन अमृतसर में बुधवार को एक अलग ही कारनामा देखने को मिला। हुआ यूं कि अमृतसर के श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को स्कूट एयरलाइन का एक विमान अपने पूर्व निर्धारित समय से पांच घंटे पहले ही रवाना हो गया। इससे 35 यात्री एयरपोर्ट पर ही छूट गए। इसके बाद सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे 35 यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
प्रथम जानकारी के अनुसार स्कूट एयरलाइन का विमान सिंगापुर के लिए शाम 7:55 बजे अमृतसर से उड़ान भरता है।

बुधवार शाम को 35 यात्री जब एयरपोर्ट पहुंचे तो पता चला कि विमान दोपहर करीब तीन बजे जा चुका है। इसके बाद इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। सभी यात्री देर रात तक एयरपोर्ट पर बैठे परेशान होते रहे। यात्रियों का कहना है कि उन्हें कोई भी जानकारी नहीं दी गई। एयरलाइन ने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं इस बारे में स्कूट एयरलाइन के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने ई-मेल भेजकर सभी यात्रियों को विमान के रि-शेड्यूल होने के बारे में सूचित किया था। ऐसे में बहुत सारे यात्री तय समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे। जो यात्री नहीं आए, उनके नाम की बार-बार घोषणा भी की जाती रही, लेकिन यात्रियों का कहना है कि उनको कोई ई-मेल नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *