गुजरात में बीजेपी की विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गया है. बैठक में बीजेपी विधायक कनु देसाई ने भूपेन्द्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा था.
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आज बीजेपी विधायक की दल की बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बतौर निरीक्षक शामिल हुए थे. विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र पटेल का नाम सर्वसम्मति से पास हो गया है.
सूत्रों के मुताबिक, गुजरात में बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आज शाम 4 बजे भूपेन्द्र पटेल, सीआर पाटिल के साथ दिल्ली आएंगे. पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और बीएल संतोष से मुलाक़ात कर शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण देने के साथ-साथ गुजरात मंत्रिमंडल में किन-किन चेहरों को शामिल किया जाए इस पर भी चर्चा की जाएगी. इसके बाद गुजरात मंत्रिमंडल पर फाइनल मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा.