पंजाब पुलिस ने पिछले 10 दिनों में 17 लोगों को गिरफ्तार कर 5 बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इसके अलावा पुलिस के दलों ने 3 हथगोले और एक आईईडी भी बरामद की है। पुलिस महानिरीक्षक सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि लखबीर सिंह उर्फ लांडा, हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा और अर्श डल्ला जैसे गैंगस्टर से आतंकवादी बने हैं, जिनकी ओर से चलाए जा रहे आतंकी मॉड्यूल को पुलिस टीम ने भारी नुकसान पहुंचाया है। गिल ने बताया कि पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल के तीन सदस्यों को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद एक मॉड्यूल का पंजाब पुलिस ने भंडाफोड़ किया। इस मॉड्यूल का संचालन कनाडा में रह रहा लखबीर और पाकिस्तान में रह रहा हरविंदर कर रहा था।