GURUGRAM : हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल के गुरुग्राम स्थित आवास और कार्यालयों पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापा मार दिया। आयकर विभाग कंपनी के विभिन्न परिसरों पर छापेमारी कर रहा है। आयकर विभाग मुंजाल के साथ-साथ कंपनी के अन्य शीर्ष अधिकारियों के परिसरों पर भी छापेमारी कर रहा है। आयकर विभाग की कार्रवाई अभी भी जारी है। मुंजाल पर वित्तीय अनियमितता का आरोप है।
हीरो मोटकॉर्प दुनिया की सबसे बड़ी टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह कंपनी 40 से ज्यादा देशों में अपना कारोबार करती है। हीरो मोटकॉर्प एशिया, अफ्रीका, अमेरिका जैसे देशों में भी मौजूद है। हीरो मोटोकॉर्प का भारतीय टू-व्हीलर सेगमेंट में कितना जलवा है, इससे आप कुछ आंकड़ों से जान सकते हैं। भारत में जितने भी दोपहिया वाहन बेचे जाते हैं, उसमें से 50 फीसदी हीरो मोटोकॉर्प के ही हैं। छापेमारी की खबर के बाद हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में तेज गिरावट आई है। शेयर 2 फीसदी गिरकर 2380 रुपये के नीचे आ गया है। वहीं, ऑटो सेक्टर की अन्य कंपनियों के शेयरों पर भी दबाव है। मारुति, बजाज ऑटो, टीवीएस मोटर 1.5 फीसदी तक लुढ़क गए है।
बीते एक हफ्ते में हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 1 फीसदी की गिरावट आई है। एक महीने में 11 फीसदी टूटा है. वहीं, इस साल में अभी तक 4 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है। इसके अलावा मार्च 2021 के मुकाबले मार्च 2022 तक शेयर में 23 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में हीरो मोटकॉर्प का कुल मुनाफा 36.7% गिरकर 686 करोड़ रुपये पर आ गया है। वहीं, ठीक एक साल पहले इसी तिमाही में हीरो मोटकॉर्प को मुनाफा 1084.47 करोड़ रुपये था। दिसंबर तिमाही में कंपनी को कामकाज से 7883 करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 9776 करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी। दिसंबर 2021 तिमाही में कंपनी की आमदनी में 19.4% की गिरावट आई है।