20 फरवरी को पंजाब के लोग नई कहानी और नया इतिहास लिखेंगे: भगवंत मान

जालन्धर , (संजय शर्मा)- आम आदमी पार्टी(आप) ने विधानसभा चुनाव के लिए नया नारा जारी किया है, “हुन नहीं खावंगे धोखा केजरीवाल-भगवंत मान को देंगे एक मौका।” सोमवार को जालंधर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने पार्टी के इस नए नारे को औपचारिक तौर पर जारी(लॉन्च) किया। मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा, “पंजाब के लोग बहुत बार धोखा खा चुके हैं। पहले लोगों के पास विकल्प नहीं था। इसलिए लोग कांग्रेस से धोखा खाकर अकाली को वोट देते थे और अकाली से धोखा खाकर कांग्रेस को। इस बार पंजाब के लोग धोखा नहीं खाएंगे। अब लोगों को आम आदमी पार्टी के रुप में एक अच्छा विकल्प मिल गया है। 20 फरवरी को पंजाब के लोग नई कहानी और नया इतिहास लिखेंगे।” मान ने विश्वास और भरोसा जताने के लिए पंजाब की जनता, पार्टी और पार्टी सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद किया और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता का प्यार और पार्टी के भरोसे की बदौलत ही एक साधारण परिवार और छोटे गांव से निकलकर आज यहां तक पहुंच पाया हूं। अब मेरी जिम्मेदारी दोगुनी हो गई है। जिम्मेदारी बढ़ने के साथ मेरा हौसला भी बढ़ा है। अब मैं डबल हौसले के साथ दिन-रात काम कर रहा हूं। मान ने लोगों से सरकार बदलने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब और अपने बच्चों की किस्मत बदलने के लिए इस बार वोटिंग मशीन का बटन बदल लें। इस बार तराजू(अकाली दल का चुनाव चिन्ह) और पंजा(कांग्रेस का चुनाव चिन्ह) को अलविदा बोलकर सिर्फ झाड़ू का बटन दबाएं। सरकार बनने पर हम पंजाब को आगे ले जाने के लिए पूरी इमानदारी और लगन के साथ मेहनत करेंगे। जिस तरह दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की मेहनत रंग लाई है, उसी तरह पंजाब में हम दोनों की मेहनत रंग लाएगी। कांग्रेस के सभी बड़े नेता जनता की समस्याएं जानने के बजाए सत्ता के लिए एक दूसरे के खिलाफ बयान देने और खींचतान करने में लगे हैं। मान ने कहा कि पंजाब की जनता पारंपरिक पार्टियों के भ्रष्ट और माफिया शासन तंग आ चुकी है। अब लोग बदलाव चाहते हैं। शासन-व्यवस्था में बदलाव के लिए और पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए इस बार लोगों ने आम आदमी पार्टी को एक मौका देने का पूरी तरह मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *