दाएं हाथ के बल्लेबाज असगर अफगान ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

KABUL : पाकिस्तान से वर्ल्ड टी-20 में हार के बाद अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान और दाएं हाथ के बल्लेबाज असगर अफगान ने संन्यास की घोषणा कर दी है। असगर अफगान ने कहा कि आज यानि 31 अक्टूबर 2021 को अफगानिस्तान के लिए आखिरी बार खेलते दिखेंगे। 33 साल के असगर ने 2018 में भारत के खिलाफ अफगानिस्तान के ऐतिहासिक डेब्यू टेस्ट मुकाबले में भी टीम की कप्तानी की। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने असगर के संन्यास की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया, ‘अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने नामीबिया के खिलाफ टीम के तीसरे मुकाबले के बाद सभी प्रारूपों से संन्यास लेंगे। उनके पास बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए सर्वाधिक मैच जीतने का रिकॉर्ड है।’
ट्वीट में आगे लिखा गया है, ‘बोर्ड उनके फैसले का सम्मान करता है और देश के लिए अपनी सेवाएं देने के लिए आभार जताता है। युवा खिलाड़ियों को उनका भरने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।’
दाएं हाथ के बल्लेबाज असगर अफगान ने अफगानिस्तान के लिए अबतक 6 टेस्ट, 114 वनडे और 74 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें क्रमशः 440, 2424 और 1351 रनों का योगदान दिया। इस दौरान उन्होंने दो शतक और 19 अर्धशतक भी लगाए हैं। साल 2009 में अफगानिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले असगर टी20 इंटरनेशनल में अपनी टीम के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वहीं वनडे इंटरनेशनल में वह इस मामले में चौथे स्थान पर हैं। असगर अफगान फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने इसी साल पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के 41 जीत के रिकॉर्ड को तोड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *