दिल्ली की सीमाओं पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है तो वहीं कई शहरों में ट्रेनें भी थम गई हैं। दिल्ली से उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला गाजीपुर बॉर्डर किसान आंदोलनकारियों ने जाम कर दिया है। इसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस रूट पर चलने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर बताया है कि नेशनल हाईवे 9 और नेशनल हाईवे 24 दोनों ओर से किसान आंदोलन के चलते बंद कर दिया गया है। यूपी से आने वाले और इस रास्ते से यूपी जाने वाले लोगों को इस रूट की बजाय दूसरे रास्तों से गुजरना चाहिए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सलाह दी है कि यूपी से आने और जाने वाले लोगों को डीएनडी, विकास मार्ग, सिग्नेचर ब्रिज, वजीराबाद रोड आदि रास्तों से गुजरना चाहिए।यूपी से गाजीपुर बॉर्डर आ रहे वाहनों को फिलहाल दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से महाराजपुर बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर और भोपुरा बॉर्डर से गुजरने की सलाह दी गई है। किसानों ने भारत बंद के तहत सोमवार को सुबह 6 बजे से ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ऊपर वाली लेन को जाम कर दिया था। किसानों का कहना है कि वह शाम को 4 बजे तक इस रास्ते को खोल देंगे। तब तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए उन्होंने यह किया है। गाजियाबाद पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से आने वाले ट्रैफिक को परेशानी झेलनी पड़ रही है।