CHANDIGARH : मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस विधायक नवजोत सिद्धू पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि नवजोत सिद्धू के पाकिस्तान के साथ संबंध हैं और अगर सिद्धू पंजाब के मुख्यमंत्री बनते हैं वह पंजाब का बेड़ागर्क कर देंगे। सिद्धू को अस्थिर आदमी बताते हुए कैप्टन ने कहा कि वे एक आपदा की तरह हैं। मैं अगले सीएम चेहरे के लिए उनके नाम का विरोध करूंगा। जो एक मंत्रालय नहीं चला सकता, वह राज्य क्या संभालेगा। उनका संबंध पाकिस्तान से है। वहां के पीएम और आर्मी चीफ उनके दोस्त हैं। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होगा।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, ”मैं यह नहीं कह सकता हूं कि कांग्रेस में रह पाना मुश्किल होगा या नहीं, मैंने अपनी पूरी जिंदगी के 52 साल पंजाब और पंजाब के लोगों के लिए दिए हैं और इसके लिए काफी खुशी भी है।” कैप्टन की बीजेपी से नजदीकियों और अलग पार्टी बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस्तीफा दिए हुए एक घंटा ही हुआ है, मुझे कुछ समय चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, ‘मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि राजनीति में हमेशा ही विकल्प होता है, मैं अपने साथियों के साथ बात करूंगा और फिर देखूंगा। सबसे बात करके ही आगे का फैसला लूंगा।’