MOHALI : नेशनल शूटर नमनवीर बराड़ (28) ने सेक्टर-71 में स्थित मकान नंबर -1097 में खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने घर के चारों तरफ घेराबंदी कर दी है और किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर नमनवीर बराड़ ने ऐसा कदम क्यों उठाया। जानकारी के मुताबिक वह कई महीनो से मानसिक तौर परेशान चल रहे थे। कोई भी आलाधिकारी इस मामले में कुछ बताने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि इस मकान में नमनवीर अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना सोमवार सुबह करीब पौने चार बजे की है। परिवार ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। मटौर थाना पुलिस ने मामले में धारा 174 के तहत केस दर्ज किया है। बराड़ ट्रैप शूटर थे और इसी साल मार्च में वे दिल्ली निशानेबाजी विश्व कप के न्यूनतम योग्यता स्कोर (एमक्यूएस) वर्ग में चौथे स्थान पर रहे थे। वहीं 2015 में बराड़ ने दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के डबल-ट्रैप शूटिंग इवेंट में कांस्य पदक जीता था।