SRI NAGAR: जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के खानयार इलाके में रविवार को एक आतंकवादी ने कायराना हमले में पुलिसकर्मी को शहीद कर दिया। आतंकवादी ने पुलिसकर्मी को बेहद करीब से गोली मार दी और भाग गया। उसकी कायराना हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई है। सुरक्षाबलों ने आतंकी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर अर्शद अहमद मीर को पीछे से गोली मारकर घायल कर दिया। घायल अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब एक बजकर 35 मिनट पर हुई।
वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि पुलिसअधिकारी के हाथ में कोई हथियार नहीं है और वह टहलते हुए जा रहे हैं। अचानक पीछे से आकर आतंकी उनपर गोलियां बरसा देता है। लोग डरकर इधर-उधर भागने लगते हैं। अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावर को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। जम्मू-कश्मीर की मुख्यधारा के पार्टी नेताओं ने इस हमले की निंदा की है। पूर्व मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता, उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, श्रीनगर शहर के बीचोबीच एक नृशंस हमले में एट द रेट जम्मूकश्मीर पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अर्शीद मीर की ड्यूटी के दौरान मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ। अल्लाह अर्शीद को जन्नत में जगह दे। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के नेता इमरान अंसारी ने हमले की निंदा करते हुए ट्वीट किया, जेके पुलिस सब-इंस्पेक्टर अर्शीद अहमद की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं।