वाशिंगटन, (R.aajtak.com)-अमेरिका (United States) की जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने 11 सितंबर, 2001 को आतंकवादी हमलों (9/11 Terrorist Attack) के लिए विमान अपहरण करने वाले सऊदी अरब (Saudi Arabia) के दो लोगों को मिले साजोसामान संबंधी सहयोग से जुड़े 16 पन्नों का नया दस्तावेज जारी किया है. दस्तावेजों में बताया गया है कि अपहरणकर्ता अमेरिका में सऊदी अरब के अपने साथियों के साथ संपर्क में थे लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है कि इस साजिश में सऊदी अरब सरकार शामिल थी. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने के आदेश के बाद हमले की 20वीं बरसी पर शनिवार को इन्हें जारी किया गया. इन्हें अब तक गोपनीय रखा गया था. हाल के हफ्तों में पीड़ितों के परिवारों ने बाइडेन पर दस्तावेज जारी करने का दबाव डाला था. वे लंबे समय से उन रिकॉर्ड्स को जारी करने की मांग कर रहे हैं जो न्यूयॉर्क में चल रहे उनके मुकदमे में मददगार साबित हो सकते हैं. उनका आरोप है कि सऊदी अरब के वरिष्ठ अधिकारियों की हमलों में मिलीभगत थी.