हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में हल्की गिरावट

SHIMLA : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति सहित चंबा जिले के पांगी और भरमौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई और मैदानी इलाकों में बारिश होने से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। कुल्लू व लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। सितंबर में बरसात के बाद अब बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है, जिससे लाहौल स्पीति व कुल्लू घाटी में भी ठंड होनी शुरू हो गई है। बरसात के कारण शनाग नाले में आई बाढ़ से पुलिया बंद हो गई है, जिससे सारा पानी सड़क से होकर गुजर रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को भी मैदानी और मध्य पर्वतीय किन्नौर, चंबा, कांगडा, मंडी और कुल्लू जिलों में हाई अलर्ट जारी हुआ है। इस कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
शनिवार को एनएच 305 पर जलोड़ी पास के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस कारण एनएच पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इस कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कांगडा जिले के गंभरौर में सबसे अधिक 73 मिलीमीटर, मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में 62 मिमी, सिरमौर जिले के नाहन में 46 मिमी और शिमला में 34.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से लाहौल घाटी से भेड़ पालकों ने अब निचले इलाकों का रुख करना शुरू कर दिया है। एचआरटीसी केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगलचंद मनेपा ने बताया कि केलांग से लेह की ओर जाने वाले रास्ते में कई जगहों पर बर्फबारी हुई है। लेकिन सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए अभी पूरी तरह से सुरक्षित है। लेकिन अगर आने वाले दिनों में मौसम अधिक बिगड़ता है तो बर्फबारी के कारण मनाली लेह सड़क मार्ग भी प्रभावित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *