जयपुर : राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां शादी के 6 साल बाद संतान नहीं होने पर महिला को देवर के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा गया। इससे इनकार करने पर देवर ने जबरन उसके प्राइवेट पार्ट में चाकू डाल दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। महिला ने कहा कि उसकी छह साल पहले शादी हुई थी लेकिन कोई संतान नहीं होने की वजह से ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे थे और देवर के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते थे। उसने बताया कि जब उसने ऐसा करने से जब इनकार किया तो देवर ने रात के समय जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया और इनकार करने पर उसने प्राइवेट पार्ट में चाकू डाल दिया।
महिला के मुताबिक प्रताड़ना से बचने के लिए वह कुछ दिन मायके में भी रही, फिर वापस ससुराल आ गई। यहां आने पर उस पर जुल्म और बढ़ने लगा। उसने कहा कि एक दिन पहले ही रात के समय मैं कमरे में सोई थी लेकिन अचानक देवर आ गया और वह दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। महिला ने कहा कि वह किसी तरीके से भाग कर अपने भाई के पास पहुंची और फिर अपनी आपबीती पुलिस अधीक्षक को सुनाई। पीड़िता की मुलाकात के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हमने महिला थाने में मामला दर्ज करने और मेडिकल करवाने के आदेश दिए हैं. जल्द ही इस मामले में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.