आइलेट्स में नहीं मिली सफलता तो युवती ने निगल लिया जहरीला पदार्थ

लुधियाना : लुधियाना के डाबा गांव निवासी मनवीर कौर (21) ने बुधवार की देर शाम को अपने घर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत खराब होने पर परिवार वालों ने उसे इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया, जहां गुरुवार की देर शाम को मनवीर कौर की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद मनवीर का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यही पता चला है कि मनवीर किसी बात को लेकर परेशान चल रही थी। बात क्या थी इसके बारे में जांच की जा रही है।
थाना डाबा की एसएचओ ने बताया कि मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनवीर आइलेट्स का पेपर कई बार दे चुकी थी लेकिन सफलता नहीं मिली। इस कारण वह पिछले काफी समय से परेशान चल रही थी। परिवार वालों ने उसे समझाया भी था कि वह दोबारा ट्राई करे लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया और कुछ दिनों से चुप रह रही थी। बुधवार की शाम को वह घर पर ही थी। उसने घर पर पड़ा कोई जहरीला पदार्थ निकल लिया। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत खराब होने पर उसने परिवार वालों को बताया, परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *