जालंधर,(विशाल)-सूबे के शराब के शौकीनों के लिए राहत भरी खबर आई है। मिनी लॉकडाउन की घोषणा के बाद पंजाब में बंद चल रहे शराब के ठेके 5 मई से खुल जाएंगे। पंजाब सरकार की ओर से मंगलवार दोपहर बाद इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दी गई। नोटिफिकेशन के देर में आने के कारण मंगलवार को ठेके नहीं खुल सकेंगे, लेकिन बुधवार से इन्हें पहले की ही तरह खोला जा सकेगा। पंजाब सरकार ने 2 मई को राज्य में अगले 13 दिनों यानी 15 मई तक मिनी लॉकडाउन लगाने के आदेश जारी किए थे। इनमें केवल जरूरी वस्तुओं की दुकानें-दवा, दूध, सब्जी, मीट आदि की ही खोलने के आदेश थे। शराब के ठेकों सहित अन्य गैर-जरूरी दुकानों खोलने की मनाही कर दी गई थी। इनके अलावा शादी समारोह, अंतिम संस्कार व किरिया आदि में केवल 10 लोगों की उपस्थिति समेत कई पाबंदियां लागू कर दी थी। इसके बाद से ठेकेदारों की ओर से शराब के ठेके खोलने की लगातार मांग उठाई जा रही थी।शराब के ठेके खोलने की अनुमति देने के बाद सरकार पर अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति देने का दवाब बड़ सकता है।
