जालंधर,(विशाल)-डिप्टी कमिश्नर के अनाज मंडियों में खरीद से जुड़े उचित प्रबंध करने के निर्देश के तहत वीरवार को एसडीएम शाहकोट ने मंडियों का दौरा करके प्रबंधों का जायजा लिया। डीसी घनश्याम थोरी ने कोविड-19 की दूसरी लहर के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करने के लिए भी कहा है। इसी के तहत एसडीएम अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली मंडियों का दौरा कर रहे हैं।वीरवार को एसडीएम शाहकोट डॉ. संजीव शर्मा ने सब डिवीजन शाहकोट में आती अनाज मंडियों में गेहूं की निर्विघ्न खरीद के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। मंडियों का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि मंडियों में गेहूं की निर्विघ्न, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से खरीद करने के लिए प्रशासन ने उचित प्रबंध किए हैं। इस दौरान कोविड-19 से जुड़े नियमों का भी पूरी तरह पालन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सब डिवीजन शाहकोट में 18 मंडियां पड़ती हैं। इनमें 7 मंडियां लोहियां और 11 शाहकोट में हैं। वीरवार को उन्होंने इनका दौरा किया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि मंडियों में किसानों ने गेहूं की ढेरी करने के लिए 30 गुणा 30 के बॉक्स बनाए हैं। यहां खरीद से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को विश्वसनीय बनाया जाएगा। अनाज मंडियों की साफ-सफआई के साथ-साथ उन्हें सैनेटाइज करने के अलावा किसानों के लिए पेयजल, हाथ धोने के लिए साबुन, सैनेटाईजर, किसानों के बैठने के लिए छाया, रोशनी, शौचालय समेत अन्य जरुरी प्रबंध किए गए हैं। इससे उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।